कुरुक्षेत्र | हरियाणा के कुरुक्षेत्र में प्रेम प्रसंग में जान देने का मामला सामने आया है। यहां एक शादीशुदा प्रेमी जोड़े ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। दोनों के शव सुंदरपुर पुल के नीचे रेलवे ट्रैक के पास पड़े मिले। पुलिस को मौके से सल्फास की गोलियां भी बरामद हुई हैं। दोनों मृतक पिछले तीन वर्षों से प्रेम संबंध में थे और एक-दूसरे के साथ घर छोड़ चुके थे।
मृतकों की पहचान 32 वर्षीय सुभाष, निवासी गांव ढुकड़ा (सिरसा) और 29 वर्षीय तारावती, निवासी ईशरढाणी (फतेहाबाद) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, तारावती रिश्ते में सुभाष की साली की पत्नी थी और दोनों के अपने-अपने परिवार थे। दोनों के दो-दो बच्चे भी हैं।
परिजनों का कहना है कि जब इस रिश्ते की जानकारी घर वालों को मिली तो कई बार पंचायत और परिवार ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों ने एक-दूसरे को छोड़ने से इनकार कर दिया। 16 जून को सुभाष अचानक लापता हो गया। वह गोलगप्पे बेचने का काम करता था। उसी दिन तारावती भी अपने ससुराल से गायब हो गई। दोनों की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
शनिवार सुबह करीब सवा नौ बजे रेलवे स्टेशन मास्टर ने जीआरपी थाने को पुल के नीचे दो शव पड़े होने की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों की शिनाख्त की और पास से सल्फास की गोलियां बरामद कीं। जीआरपी थाना प्रभारी विलायती सैनी ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।