चंडीगढ़ | पंजाब की सियासत में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। आम आदमी पार्टी ने अमृतसर नॉर्थ से विधायक कुंवर विजय प्रताप के खिलाफ कड़ा एक्शन लेते हुए उन्हें पार्टी से पांच वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया है। पार्टी की राजनीतिक मामलों की कमेटी (PAC) ने यह निर्णय पार्टी विरोधी गतिविधियों को आधार बनाकर लिया है।
बताया जा रहा है कि विधायक कुंवर विजय प्रताप ने हाल ही में मजीठिया केस को लेकर पार्टी लाइन से हटकर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि जब अकाली नेता बिक्रम मजीठिया जेल में थे, तब राज्य सरकार ने उनसे कोई पूछताछ नहीं की और बाद में उन्हें जमानत मिल गई। उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए कहा था कि किसी भी परिवार की गरिमा का सम्मान होना चाहिए, चाहे वह नेता हो या आम नागरिक।
पार्टी के सूत्रों के अनुसार, लगातार पार्टी नीति के खिलाफ बयानबाजी और आंतरिक मामलों को सार्वजनिक रूप से उठाने के चलते यह कार्रवाई की गई है।