चंडीगढ़ | पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने धार्मिक ग्रंथों की बेअदबी से जुड़े मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए ऐसे अपराधों पर कड़ी कार्रवाई के लिए नया कानून लाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कानून विशेषज्ञों से परामर्श कर एक प्रभावी कानून बनाएगी ताकि दोषियों को सख्त सजा दी जा सके और वे कानून की पकड़ से बच न सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की धरती संतों और गुरुओं की शिक्षाओं की प्रतीक रही है, जहां आपसी भाईचारा और धार्मिक सहिष्णुता का विशेष महत्व रहा है। उन्होंने मौजूदा कानूनी खामियों पर चिंता जताते हुए कहा कि कई बार गंभीर अपराधों के बावजूद आरोपी बच निकलते हैं, जो न्याय व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
भगवंत मान ने यह भी स्पष्ट किया कि इस तरह की घटनाओं में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और राज्य सरकार सुनिश्चित करेगी कि उन्हें उनके कृत्यों के लिए सख्त सजा मिले।