चंडीगढ़| हरियाणा में ग्रुप-C कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) के लिए रजिस्ट्रेशन पोर्टल दोबारा खोलने की मांग को लेकर दायर याचिका पर आज पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में सुनवाई होगी। जस्टिस विनोद एस. भारद्वाज की खंडपीठ इस मामले की सुनवाई करेगी। याचिकाकर्ताओं ने पोर्टल को दोबारा चालू करने और पहले से रजिस्ट्रेशन कर चुके अभ्यर्थियों को सुधार का मौका देने की मांग की है। साथ ही परीक्षा एक ही शिफ्ट में आयोजित कराने की अपील भी की गई है।
यह याचिका शीतल, निशा, राखी, नैसी, सुषमा और तन्नु नामक अभ्यर्थियों द्वारा दाखिल की गई है। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) जुलाई में यह परीक्षा आयोजित करने की तैयारी कर चुका है, जिसमें करीब 13 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। यदि कोर्ट से याचिका पर कोई बड़ा आदेश आता है, तो परीक्षा कार्यक्रम प्रभावित हो सकता है।
वहीं दूसरी ओर, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हाल ही में हुई कैबिनेट बैठक के बाद स्पष्ट कर दिया है कि CET पोर्टल दोबारा नहीं खोला जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर किसी अभ्यर्थी को रिजर्व कैटेगरी के प्रमाणपत्र अपलोड करने में समस्या आई है, तो वे उम्मीदवार परीक्षा के बाद भी दस्तावेज जमा कर सकते हैं।
गौरतलब है कि तीन साल बाद हरियाणा में ग्रुप-C भर्ती की यह प्रक्रिया शुरू हो रही है, जिसको लेकर अभ्यर्थियों में खासा उत्साह है, लेकिन कुछ तकनीकी और प्रक्रियात्मक मांगों ने अब इसे कानूनी मोड़ दे दिया है।