Bilaspur, 1 July
प्रदेश में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और खड्डों में जलस्तर बढ़ने के चलते कई स्थानों पर स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।हालांकि बिलासपुर जिला में स्थिति अभी नियंत्रण में है और जिला प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ हालात पर नजर बनाए हुए है।
उपायुक्त राहुल कुमार ने जानकारी दी कि अब तक जिले में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है। सभी प्रमुख सड़क मार्ग खुले हुए हैं और पेयजल आपूर्ति भी सामान्य है।कुछ स्थानों पर छोटे स्तर पर भूस्खलन की घटनाएं दर्ज की गई हैं, लेकिन इनमें कोई जनहानि नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि सीर खड्ड और अली खड्ड का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच चुका है। इसी बीच एक महिला के पानी के तेज बहाव में बह जाने की दुखद घटना भी सामने आई है।राहत और बचाव कार्य तेज़ी से चलाए जा रहे हैं। सभी उपमंडल अधिकारियों को सतर्क रहकर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।आईपीएच व पीडब्ल्यूडी विभागों को अलर्ट पर रखा गया है ताकि किसी भी योजना या सड़क के प्रभावित होने पर तुरंत मरम्मत कार्य शुरू किया जा सके।
उपायुक्त ने नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा है:
- नदी-नालों के पास न जाएं
- रात के समय अनावश्यक यात्रा से बचें
- भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें
मौसम की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने सभी एसडीएम को अपने क्षेत्र में आवश्यकता अनुसार स्कूलों में अवकाश घोषित करने के निर्देश भी दिए हैं।