यमुनानगर | हरियाणा के यमुनानगर जिले में हुई तेज बारिश ने एशिया की सबसे बड़ी सरस्वती शुगर मिल को भारी नुकसान पहुंचाया है। बीती रात हुई बारिश के बाद मिल के पास बहने वाला नाला ओवरफ्लो हो गया, जिससे गंदा पानी सीधे मिल के गोदाम में घुस गया। इस हादसे में करीब 2.20 लाख क्विंटल चीनी पानी में भीग गई, जिससे शुगर मिल को लगभग 50 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
मिल प्रबंधन के मुताबिक, नाले के जाम होने के कारण गंदगी और बरसाती पानी सीधे गोदाम में चला गया। सरस्वती शुगर मिल के टेक्निकल हेड सत्यवीर सिंह ने बताया कि गोदाम में रखी करीब आधी चीनी पूरी तरह से खराब हो चुकी है, जबकि बाकी में नमी के कारण गुणवत्ता पर असर पड़ा है।
फिलहाल गोदाम से मलबा और पानी निकालने के लिए जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद ली जा रही है, लेकिन कई फीट तक भरे पानी को बाहर निकालना मुश्किल साबित हो रहा है।
यह घटना प्रशासन के उन दावों की पोल खोलती है, जिनमें मानसून से पहले व्यापक तैयारियों का दावा किया गया था। अब बड़ा सवाल यह है कि इस भारी नुकसान की भरपाई कैसे होगी और इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा।