Mandi, 6 July
सराज विधानसभा क्षेत्र के थुनाग और आसपास के इलाकों में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा के कारण सड़क संपर्क पूरी तरह से टूट गया है। ऐसे में जिला प्रशासन ने राहत सामग्री पहुंचाने के लिए पारंपरिक तरीकों का सहारा लिया है। कुली और खच्चर अब इन दुर्गम इलाकों में जीवन रेखा बन चुके हैं।
मंडी प्रशासन ने जीभी से 47 अनुभवी बोझा ढोने वाले मजदूरों को विशेष रूप से बुलाया है। साथ ही 14 से अधिक खच्चर मालिक भी राहत सामग्री पहुंचाने के इस कार्य में जुटे हुए हैं। इनके माध्यम से अब तक करीब 2000 राशन किटें, गैस सिलेंडर, पानी, डीजल और अन्य आवश्यक वस्तुएं प्रभावित लोगों तक पहुंचाई जा चुकी हैं।
डीसी मंडी अपूर्व देवगन स्वयं मौके पर मौजूद हैं और राहत व बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आज शाम तक थुनाग तक सड़क सुविधा बहाल हो जाएगी, जिससे राहत पहुंचाने का कार्य और अधिक तेज हो सकेगा।वहीं, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना, वायुसेना, पुलिस, होमगार्ड और अन्य विभाग मिलकर बहाली कार्यों में जुटे हुए हैं। जंजैहली क्षेत्र से करसोग की ओर सड़क मार्ग खोलने का कार्य भी तेजी से जारी है, जिससे वहां फंसे पर्यटकों को सुरक्षित निकाला जा सके।
संचार सुविधा की बहाली के लिए टेलीकॉम कंपनियों के कर्मचारी दिन-रात काम कर रहे हैं। अधिकांश क्षेत्रों में नेटवर्क बहाल कर दिया गया है, जबकि बाकी क्षेत्रों में काम जारी है। खराब मौसम के चलते हेलिकॉप्टर उड़ानें बाधित हैं, इसलिए रेस्क्यू कार्य सड़क मार्ग से ही किया जा रहा है।