जालंधर | शहर में आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला बिक्रमपुरा इलाके से सामने आया है, जहां सोमवार सुबह हथियारों से लैस बदमाशों ने एक घर में घुसकर लूट की वारदात को अंजाम दिया।
गन प्वाइंट पर लूटी नकदी और ज्वेलरी
पीड़ित युवक उदय (उम्र 20 वर्ष) ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे कुछ लोगों ने दरवाजा खटखटाया। जैसे ही उसने दरवाजा खोला, चार संदिग्ध गन प्वाइंट पर घर में दाखिल हो गए। उन्होंने परिवार को धमकाते हुए घर में रखे ढाई लाख रुपये नकद और तीन सोने की चेन लूट लीं और फरार हो गए।
पुलिस मौके पर पहुंची, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही थाना नंबर-3 से एएसआई जोरावर सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने पीड़ित के बयान दर्ज कर लिए हैं और इलाके की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
लोगों में बढ़ी दहशत
दिनदहाड़े हुई इस लूट की वारदात से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।