चंडीगढ़ | पंजाब सरकार राज्य में धार्मिक ग्रंथों की बेअदबी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए जल्द ही सख्त कानून लाने जा रही है। इस संबंध में आज होने वाली कैबिनेट बैठक में बड़ा फैसला लिया जा सकता है। संभावना है कि यह प्रस्तावित बिल 10 जुलाई को बुलाए गए विधानसभा के विशेष सत्र में पेश किया जाएगा।
कैबिनेट बैठक का समय बदला
गौरतलब है कि पहले यह कैबिनेट बैठक सुबह 10 बजे आयोजित होनी थी, लेकिन अब इसे शाम 6 बजे निर्धारित किया गया है। इस बैठक में 10 जुलाई को विधानसभा में रखे जाने वाले अहम विधेयकों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
बेअदबी के खिलाफ सख्त सजा पर जोर
बैठक में खासतौर पर बेअदबी की घटनाओं को रोकने के लिए बनाए जाने वाले कड़े कानून पर गहन चर्चा होगी। सरकार की मंशा है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कानूनी स्तर पर सख्त प्रावधान किए जाएं ताकि दोषियों को कड़ी सजा दी जा सके।
विपक्ष के निशाने पर सरकार
वहीं, बिक्रम सिंह मजीठिया पर हुई कार्रवाई को लेकर विपक्षी दल लगातार सरकार को घेरने की रणनीति बना रहे हैं। माना जा रहा है कि विधानसभा के विशेष सत्र में भी यह मुद्दा जोर पकड़ सकता है, जिसे देखते हुए सरकार अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटी है।