Dharamshala, Rahul-धर्मशाला जिला अदालत परिसर में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब बम से उड़ाने की धमकी भरी ईमेल की सूचना सामने आई। खबर मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ता तुरंत मौके पर पहुंचा और अदालत परिसर को खाली करवाकर गहन तलाशी अभियान शुरू किया गया।
धर्मशाला ही नहीं, प्रदेश के अन्य जिलों में भी इसी तरह की ईमेल प्राप्त होने की खबर है। पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए ऐहतियाती कार्रवाई की, हालांकि तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और यह धमकी महज़ एक अफवाह साबित हुई।धर्मशाला सिटी के एएसपी हितेश लखनपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि ऐसी ईमेल्स देश के अन्य हिस्सों में भी पहले आ चुकी हैं, और हर बार पुलिस इन्हें गंभीरता से लेती है। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह मेल कहां से और किसने भेजी।
इस घटना पर धर्मशाला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष तरुण शर्मा ने बताया कि जैसे ही धमकी की जानकारी मिली, अदालत परिसर को तुरंत खाली कराया गया। बम स्क्वाड ने पूरी इमारत की जांच की लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया। उन्होंने कहा कि भले ही यह अफवाह निकली हो, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई सराहनीय रही।