नवी मुंबई | खारघर इलाके में हुए भीषण सड़क हादसे में एक 23 वर्षीय युवक की जान चली गई जबकि उसके आठ साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा बुधवार तड़के हीरानंदानी ब्रिज पर हुआ, जब तेज रफ्तार कार ने दोपहिया वाहनों के एक समूह को टक्कर मार दी।
जानकारी के मुताबिक, मुंबई के धारावी से दोस्तों का एक ग्रुप बाइक से लोनावला की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में मानव येलप्पा कुच्चीकोर्वे (23) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य आठ लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कार चालक हादसे के बाद फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खारघर थाने के एक अधिकारी ने बताया कि कार ड्राइवर की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
स्थानीय लोगों और पीड़ितों के परिवारों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा बढ़ाने और ऐसे लापरवाह ड्राइवरों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।