11 July, 2025-मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज बिलासपुर जिले के नम्होल के पास हुए बस हादसे के पीड़ितों से मिलने के लिए एम्स बिलासपुर का दौरा किया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों से बातचीत की और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार पीड़ितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगी।
सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा तत्काल प्रदान की जाए और किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए। वर्तमान में एम्स बिलासपुर में 32 घायल यात्रियों का इलाज चल रहा है, जबकि बस चालक को मार्कंड के नागरिक अस्पताल में भर्ती किया गया है।जिला प्रशासन ने हादसे के तुरंत बाद राहत कार्य शुरू कर दिए थे और घायलों को त्वरित चिकित्सकीय सुविधा के साथ-साथ फौरी राहत राशि भी उपलब्ध कराई गई।मुख्यमंत्री के साथ तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, कांग्रेस नेता विवेक कुमार, पवन ठाकुर, संजीव गुलेरिया और गौरव शर्मा, उपायुक्त राहुल कुमार, पुलिस अधीक्षक संदीप धवल तथा अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।