नई दिल्ली | कीमती धातुओं के बाजार में एक बार फिर तेजी देखी जा रही है। MCX (मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज) पर गुरुवार को सोना 0.57% की बढ़त के साथ 97,242 रुपये प्रति 10 ग्राम के करीब पहुंच गया, जबकि चांदी ने 1.24% की छलांग लगाकर 1,10,474 रुपये प्रति किलोग्राम का नया रिकॉर्ड बना लिया।
वैश्विक बाजार में भी तेजी
अंतरराष्ट्रीय कमोडिटी एक्सचेंज कॉमेक्स पर भी सोने-चांदी की कीमतों में मजबूती देखी जा रही है, जिससे घरेलू बाजार में भी इन धातुओं की मांग में इजाफा हुआ है।
सर्राफा बाजार में सोना हुआ और महंगा
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में भी सोने की कीमत में 250 रुपये की बढ़त दर्ज की गई और यह 98,670 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। 99.9% शुद्धता वाला सोना बुधवार को 98,420 रुपये पर बंद हुआ था, जबकि 99.5% शुद्धता वाला सोना 200 रुपये चढ़कर 98,200 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। वहीं, चांदी की कीमतें स्थिर रहीं और यह 1,04,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर टिकी रही।
तेजी के पीछे क्या वजह?
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के जिंस विशेषज्ञ सौमिल गांधी के अनुसार, “सुरक्षित निवेश विकल्प के तौर पर सोने की मांग में इजाफा हो रहा है। साथ ही अमेरिका की व्यापार नीतियों और वैश्विक आर्थिक हालात को लेकर जारी अनिश्चितताओं ने भी सोने की कीमतों को सहारा दिया है।”
निवेशकों की बढ़ती दिलचस्पी
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि मुद्रास्फीति, वैश्विक अनिश्चितता और गिरते बांड यील्ड्स जैसे कारणों से निवेशक एक बार फिर सोने-चांदी जैसे सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं। यदि यही रुझान बना रहा, तो आने वाले दिनों में कीमतें और ऊपर जा सकती हैं।