हिसार | हरियाणा में आंखों की रोशनी बचाने और रोके जा सकने वाले अंधत्व की रोकथाम के लिए एक बड़ी पहल की जा रही है। प्रदेश की स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री आरती सिंह राव आज ‘उज्ज्वल दृष्टि हरियाणा अभियान’ की औपचारिक शुरुआत करेंगी। यह राज्यव्यापी अभियान स्कूली बच्चों को मुफ्त चश्मे देने और 45 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की दृष्टि जांच कर सुधार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है।
इस अभियान के तहत राज्यभर में एक साथ 1.4 लाख से ज्यादा चश्मों का वितरण किया जाएगा। इनका वितरण 22 जिला अस्पतालों, 50 उपमंडलीय अस्पतालों और 122 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से किया जाएगा। यह देश में अब तक का सबसे बड़ा और विशेष प्रकार का अभियान माना जा रहा है, जिसे नेशनल प्रोग्राम फॉर कंट्रोल ऑफ ब्लाइंडनेस एंड विजुअल इम्पेयरमेंट (NPCBVI) के अंतर्गत लागू किया जा रहा है। इसके लिए राज्य सरकार ने अलग से बजट का प्रावधान भी किया है।
इस अभियान के अंतर्गत हरियाणा के 14,267 सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले करीब 21 लाख बच्चों की आंखों की जांच की जाएगी। जांच के बाद लगभग 40,000 विद्यार्थियों को नि:शुल्क चश्मे दिए जाएंगे। वहीं 50 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों के मोतियाबिंद की भी जांच की जाएगी, और जिन्हें आवश्यकता होगी, उन्हें सरकारी या एनजीओ अस्पतालों में मुफ्त सर्जरी की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।