टोहाना | शहर के भुना रोड स्थित आईजी कॉलेज के बीए अंतिम वर्ष (छठे सेमेस्टर) के छात्रों ने चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय द्वारा जारी किए गए परीक्षा परिणाम पर सवाल खड़े किए हैं। छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय ने उन्हें अंग्रेजी विषय में गलत तरीके से फेल कर दिया है, जिससे उनमें भारी नाराजगी है।
परीक्षा परिणाम चार दिन पहले जारी किया गया था, जिसके बाद कई विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि उन्हें बिना कारण ‘अनुपस्थित’ दर्शाया गया है। इस मुद्दे को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नेतृत्व में छात्रों ने कॉलेज प्राचार्य वीपी सिंह को ज्ञापन सौंपा।
छात्र नेता सन्नी चौहान, सीमा, अंजलि, सोनम, ममता, पम्मी, प्रीती, पिंकी, रिंकू और पूजा सहित अन्य विद्यार्थियों ने दावा किया कि उनके अंक बिना वजह घटा दिए गए हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय से उत्तर पुस्तिकाओं की दोबारा जांच की मांग की है ताकि उन्हें न्यायपूर्ण परिणाम मिल सके।
छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि दो दिन के भीतर उनकी मांग पूरी नहीं हुई, तो वे कॉलेज गेट के बाहर विरोध प्रदर्शन कर तालाबंदी करेंगे। छात्रों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है, जब विश्वविद्यालय ने इस तरह की लापरवाही बरती है, और बार-बार इस तरह की घटनाएं छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही हैं।