नई दिल्ली | उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक चार मंजिला इमारत अचानक भरभरा कर गिर पड़ी। बताया जा रहा है कि इमारत में एक ही परिवार के 10 लोग रह रहे थे, जिनमें से तीन को अब तक मलबे से जिंदा निकाला जा चुका है।
घटना सुबह करीब 7 बजे की है जब कॉलोनी के लोग मॉर्निंग वॉक पर थे। उसी दौरान तेज आवाज के साथ जनता कॉलोनी की गली नंबर 5 में स्थित इमारत ज़मीन पर आ गिरी। चारों ओर धूल का गुबार और चीख-पुकार मच गई।
दमकल की 7 गाड़ियां मौके पर
दिल्ली अग्निशमन सेवा के प्रमुख अतुल गर्ग ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य के लिए 7 फायर टेंडर और कई टीमें लगाई गई हैं। अभी भी मलबे में और लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोग बने रेस्क्यू हीरो
दमकल टीमों के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने खुद बचाव कार्य शुरू कर दिया था। प्रत्यक्षदर्शी अस्मा ने बताया, “सुबह एक जोरदार धमाका हुआ और पूरा इलाका धूल से भर गया। जब बाहर निकले तो देखा पड़ोस की इमारत मिट्टी में मिल चुकी थी।”
तीन लोग अस्पताल में भर्ती, बाकी की तलाश जारी
अब तक मलबे से निकाले गए तीनों घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि बाकी बचे लोगों की तलाश तेजी से जारी है।