अमृतसर | श्री दरबार साहिब जाने वाले मुख्य रास्ते को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में बड़ा फैसला लिया गया है। जिला प्रशासन ने हेरिटेज स्ट्रीट पर प्लास्टिक के उपयोग पर सख्त पाबंदी लगा दी है। डीसी साक्षी साहनी ने निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को एक हफ्ते के भीतर प्लास्टिक का इस्तेमाल पूरी तरह बंद करने की चेतावनी दी है।
साथ ही उन्होंने अतिक्रमण हटाने और सफाई में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की बात कही। हेरिटेज स्ट्रीट की सफाई, मूर्तियों के पास लगे कूड़ेदान हटाने, लाइटिंग, पार्किंग स्पेस और वाटर एटीएम की व्यवस्था सुधारने को लेकर भी आदेश दिए गए हैं। डीसी ने कहा कि हर सप्ताह प्रगति होनी चाहिए और लोगों से फीडबैक लेने के लिए गूगल फॉर्म भी तैयार किया गया है।