हरियाणा | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को भिवानी के भीम स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय महाराजा श्रीदक्ष प्रजापति जयंती समारोह में प्रजापति समाज के लिए कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि राज्य के 2000 गांवों में समाज को पांच-पांच एकड़ पंचायती भूमि दी जाएगी, जिसकी प्रक्रिया 15 दिनों में पूरी होगी।
सीएम ने यह भी बताया कि भिवानी में प्रजापति समाज के छात्रों के लिए हॉस्टल निर्माण के लिए पांच एकड़ जमीन दी जाएगी, वहीं रोहतक और फतेहाबाद में भी जल्द जमीन का आवंटन होगा। साथ ही माटी कला बोर्ड को और मजबूत करते हुए, जल्द चेयरमैन नियुक्ति की घोषणा भी की जाएगी।
कार्यक्रम में सीएम ने 234 करोड़ की 19 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास भी किया। सीएम ने बताया कि प्रदेश में 30,550 शिल्पकारों को ट्रेनिंग दी जा चुकी है और 50 करोड़ रुपये से अधिक के लोन वितरित किए गए हैं। समारोह में मौजूद मंत्रियों ने धर्मशालाओं के लिए 11 से 31 लाख तक की राशि देने की घोषणा की।