पलवल | जिले में हो रही लगातार लूटपाट की वारदातों पर पलवल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लूट गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस ने दावा किया है कि गैंग का मास्टरमाइंड भी जल्द गिरफ्त में होगा।
पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने बताया कि 9 जुलाई को दिघोट गांव स्थित कॉमन सर्विस सेंटर पर तीन नकाबपोश बदमाशों ने हथियार के बल पर ₹1.70 लाख लूटे थे। मामले की जांच में जुटी सीआईए टीम ने तकनीकी निगरानी और मुखबिर की मदद से 13 जुलाई को तीन आरोपियों को दबोचा, जबकि 15 जुलाई को एक किशोर को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने पलवल और फरीदाबाद में एक दर्जन से ज्यादा लूट की वारदातों को कबूला है। वे मुँह पर ढाटा बांधकर हथियार के बल पर वारदात करते थे और लूट का माल आपस में बाँटकर फरार हो जाते थे।
पुलिस ने आरोपियों को दो दिन की रिमांड पर लिया है और लूटी गई रकम व हथियारों की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। मास्टरमाइंड की तलाश भी तेजी से चल रही है।