चंडीगढ़ | हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर झूठे आरोप लगाने के मामले में कांग्रेस ने कड़ा रुख अपनाया है। पार्टी की ओर से पश्चिम बंगाल से बीजेपी के पूर्व सांसद अर्जुन सिंह को मानहानि का कानूनी नोटिस भेजा गया है। यह नोटिस 8 जुलाई 2025 को उत्तर 24 परगना में एक प्रेस वार्ता के दौरान हुड्डा के खिलाफ दिए गए अपमानजनक और निराधार बयान को लेकर जारी किया गया है।
नोटिस में हुड्डा के वकील शिव भटनागर और युवराज नंदल ने कहा कि अर्जुन सिंह के बयान न सिर्फ झूठे हैं, बल्कि पूर्व मुख्यमंत्री की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के इरादे से दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि हुड्डा का सार्वजनिक जीवन चार दशकों से अधिक का है और वे हरियाणा के सबसे सम्मानित नेताओं में गिने जाते हैं।
पूर्व सांसद द्वारा लगाए गए आरोपों को लेकर भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 356(1) और 356(2) के तहत कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। कांग्रेस का कहना है कि हुड्डा की ईमानदारी और समर्पित जनसेवा पर सवाल उठाना जनता के विश्वास के साथ धोखा है।