फतेहाबाद | भूना में इंटरकास्ट मैरिज मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। केस में रिश्वतखोरी के आरोपों के चलते हिसार एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फतेहाबाद के DSP संजय बिश्नोई के रीडर दर्शन सिंह और एक अज्ञात व्यक्ति पर केस दर्ज किया है।
यह एक्शन भूना निवासी नरेश कुमार की शिकायत पर हुआ, जिन्होंने आरोप लगाया कि इंटरकास्ट शादी के केस में पुलिस ने गांव वालों से 10 लाख रुपये की रिश्वत वसूली। बताया गया है कि यह पैसा गांव में चंदा इकट्ठा करके दिया गया था।
दरअसल, 31 जनवरी 2025 को गांव ढाणी भोजराज में एक जनरल कास्ट की लड़की और SC समुदाय के युवक ने शादी कर ली थी, जिसके बाद लड़की के पक्ष ने युवक का सामाजिक बहिष्कार किया। मामले में करीब 50 लोगों के खिलाफ SC/ST एक्ट में केस दर्ज किया गया था।
शिकायत में आरोप है कि पुलिस ने रोड जाम और केस हटाने के एवज में रिश्वत मांगी थी। अब ACB ने जांच शुरू कर दी है, जिससे पूरे क्षेत्र में हलचल मच गई है।