बहादुरगढ़ | बहादुरगढ़-झज्जर रोड को फोरलेन बनाने की राह अब साफ हो गई है। पूर्व विधायक नरेश कौशिक की मांग पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस सड़क को नए राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण कार्यक्रम के तहत बनाने के आदेश अधिकारियों को भेज दिए हैं। यह फैसला बहादुरगढ़ और झज्जर के लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है, जो लंबे समय से इस सड़क की हालत सुधारने की मांग कर रहे थे।
नरेश कौशिक ने बताया कि उन्होंने पहले केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर को पत्र लिखा था, जिन्होंने आगे यह मांग नितिन गडकरी तक पहुंचाई। गडकरी ने जवाब में अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस प्रोजेक्ट के लिए HSRDC ने 98 करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार किया है। करीब 28 किलोमीटर लंबे इस मार्ग में से 22.5 किलोमीटर को पहले ही नेशनल हाईवे 352R घोषित किया जा चुका है।
इस योजना के तहत बहादुरगढ़ बाइपास से झज्जर तक फोरलेन सड़क बनेगी, जबकि शहर के भीतर गुजरने वाले हिस्से को मजबूत किया जाएगा। अब उम्मीद है कि जल्द ही काम शुरू होगा और सफर होगा और भी सुहाना।