16 July, 2025
भारतीय पुरुष और महिला क्रिकेट टीमों ने लंदन स्थित क्लेरेंस हाउस में मंगलवार को ब्रिटेन के सम्राट किंग चार्ल्स तृतीय से मुलाकात की। यह एक औपचारिक लेकिन दोस्ताना मुलाकात थी, जहां किंग चार्ल्स ने खिलाड़ियों के साथ समय बिताया और भारत-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज़ को लेकर अपनी रुचि जताई।
भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने बीसीसीआई द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में कहा, “किंग चार्ल्स बहुत ही दयालु और मिलनसार हैं। उन्होंने हमसे काफी आत्मीयता से बातचीत की। हमें उम्मीद नहीं थी कि वह हमारा मैच देखेंगे, लेकिन उन्होंने लॉर्ड्स टेस्ट के आखिरी सेशन की झलकियां देखी थीं। यह हमारे लिए गर्व की बात है।”इस कार्यक्रम में तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह, विकेटकीपर ऋषभ पंत सहित कई प्रमुख खिलाड़ी शामिल थे। मुलाकात के दौरान इंग्लिश अभिनेता और संगीतकार इद्रिस एल्बा भी उपस्थित थे, जो यूथ ऑपर्च्युनिटीज समिट में भाग लेने लंदन आए हुए थे। एल्बा ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और युवा प्रतिभाओं से मिलने पर खुशी जताई।
बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला और ब्रिटेन में भारत के उच्चायुक्त विक्रम दोराइस्वामी भी इस अवसर पर मौजूद रहे। शुक्ला ने किंग चार्ल्स को अपनी पुस्तक ‘Scars of 1947’ भेंट की। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, “किंग चार्ल्स ने हम सभी से अत्यंत गर्मजोशी से मुलाकात की। उन्होंने पहले से ही हमारे बारे में जानकारी जुटा रखी थी। यह उनके आतिथ्य और व्यक्तित्व को दर्शाता है।”किंग चार्ल्स, राष्ट्रमंडल प्रमुख के तौर पर, पारंपरिक रूप से राष्ट्रमंडल देशों की टीमों का स्वागत करते हैं और इस मुलाकात के माध्यम से भारत और इंग्लैंड के बीच खेल संबंधों को और सुदृढ़ किया गया।