हरियाणा | हरियाणा पुलिस ने अवैध प्रवासियों के खिलाफ बड़ा ऑपरेशन चलाते हुए तीन जिलों से कुल 123 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। ये सभी संदिग्ध फैक्ट्रियों में मजदूर के तौर पर काम कर रहे थे और फर्जी दस्तावेजों के सहारे वर्षों से यहां रह रहे थे।
पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। विशेष अभियान के तहत रोहतक से 100, करनाल के घरौंडा से 17 और पानीपत के आसन कला से 6 लोगों को हिरासत में लिया गया है। करनाल में पकड़े गए 17 लोगों में 2 महिलाएं भी शामिल हैं।
पुलिस को तलाशी के दौरान फर्जी आधार कार्ड, राशन कार्ड और अन्य सरकारी दस्तावेज बरामद हुए हैं, जिनके जरिए ये लोग सरकारी योजनाओं का लाभ ले रहे थे।
फिलहाल सभी से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन लोगों को भारत लाने और यहां बसाने के पीछे कौन सा नेटवर्क सक्रिय है। प्रशासन ने इस पूरे मामले को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला मानते हुए जांच तेज कर दी है।
गौरतलब है कि अवैध प्रवासियों की मौजूदगी न सिर्फ आंतरिक सुरक्षा के लिए खतरा बनती है, बल्कि सामाजिक और आर्थिक संतुलन पर भी असर डालती है।