Shimla, 18 July
शिमला ज़िले की बसंतपुर तहसील के अंतर्गत आने वाली चेवड़ी पंचायत में शराब ठेका अब तक बंद नहीं किया गया है, जबकि ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने इस ठेके को बंद करने के निर्देश एक्साइज़ विभाग को सीधे तौर पर दिए थे। इसके बावजूद ठेका बदस्तूर चल रहा है, जिससे स्थानीय लोग बेहद नाराज़ हैं। पंचायत सदस्यों ने इस अनदेखी के विरोध में सामूहिक इस्तीफ़ा तक दे दिया है। पंचायत प्रधान छविंदर सिंह पाल ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन फिर से शुरू किया जाएगा।
पंचायत प्रधान छविंदर सिंह पाल ने बताया कि पूरा गाँव नशामुक्ति की दिशा में कार्य कर रहा है, लेकिन शराब ठेका इस प्रयास को विफल कर रहा है। उन्होंने कहा कि पंचायत ने पहले ही नशे के ख़िलाफ़ स्थानीय स्तर पर सख़्त नियम लागू किए हैं। ऐसे में क्षेत्र में शराब बिक्री किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री द्वारा मीडिया में बयान देने और आदेश देने के बावजूद ठेका चलना यह दिखाता है कि कहीं न कहीं व्यवस्था में गड़बड़ी है।छविंदर सिंह पाल ने दो टूक कहा कि यदि अब भी ठेका बंद नहीं हुआ, तो क्षेत्रीय जनता के साथ मिलकर उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा।