मौड़ मंडी | पंजाब सरकार के निर्देश पर खाद्य आपूर्ति विभाग ने राज्य के नीले राशन कार्ड धारकों के लिए एक अहम मुहिम शुरू कर दी है। ई-केवाईसी न करवाने पर कार्ड निष्क्रिय हो सकते हैं, इसी वजह से विभाग के अधिकारी घर-घर जाकर लोगों को ई-केवाईसी की अनिवार्यता और इसके लाभों के बारे में जानकारी दे रहे हैं।
खाद्य आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर खुशविंदर मंगला ने शहर के प्रमुख धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों जैसे श्री गुरुद्वारा साहिब मौड़ कलां और नगर कौंसिल कार्यालय में विशेष कैंप लगाए। इन कैंपों में न सिर्फ कार्ड धारकों को जानकारी दी गई बल्कि लाउडस्पीकर से घोषणाएं कर लोगों को समय पर प्रक्रिया पूरी करने के लिए प्रेरित भी किया गया।
ई-केवाईसी के फायदे क्या हैं?
- कार्ड की वैधता बनी रहेगी
- राशन लेने में कोई दिक्कत नहीं होगी
- आयुष्मान योजना जैसे स्वास्थ्य लाभों का लाभ उठाया जा सकेगा
अधिकारियों ने नीले कार्ड धारकों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपनी ई-केवाईसी पूरी करवाएं, ताकि उन्हें किसी भी सरकारी सुविधा से वंचित न होना पड़े।