मैसूरु | कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कर्नाटक के मैसूरु में एक जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मणिपुर में जारी जातीय हिंसा को लेकर पीएम की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा, “मोदी जी 42 देशों की यात्रा कर चुके हैं, लेकिन मणिपुर जाना उन्हें जरूरी नहीं लगा। क्या मणिपुर भारत का हिस्सा नहीं है?”
खरगे ने केंद्र सरकार की मणिपुर हिंसा पर निष्क्रियता पर चिंता जताई और आरोप लगाया कि पीएम ने कभी पीड़ितों से मिलने की कोशिश तक नहीं की। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर राज्य में एक साल से ज्यादा समय से अशांति जारी है और सरकार केवल मौन है।
इसके साथ ही खरगे ने भाजपा और आरएसएस पर संविधान बदलने की कोशिश का भी आरोप लगाया। उन्होंने जनता से लोकतंत्र की रक्षा के लिए सतर्क रहने की अपील की।
कांग्रेस बनाम भाजपा की तुलना करते हुए खरगे ने कहा, “हम काम करते हैं, बीजेपी सिर्फ बातें करती है। कांग्रेस ने हमेशा जनता के मुद्दों को प्राथमिकता दी है।”
कर्नाटक सरकार पर भाजपा द्वारा लगाए गए वित्तीय संकट के आरोपों को खारिज करते हुए खरगे बोले, “राज्य की कांग्रेस सरकार मजबूत है, और सिद्धारमैया इसे सही दिशा में ले जा रहे हैं।”