गुरदासपुर | पंजाब हेल्थ सिस्टम्स कॉर्पोरेशन के चेयरमैन रमन बहल ने गुरदासपुर वासियों को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़ा तोहफा दिया है। बहल के प्रयासों से पंजाब सरकार ने शहर में 1.75 करोड़ रुपये की लागत से 7 नए आम आदमी क्लीनिक बनाने की मंजूरी दी है। इनमें से 4 क्लीनिकों का निर्माण कार्य गीता भवन, आईटीआई के पास आंखों के अस्पताल, पीएचसी घुराला और कम्युनिटी हॉल नबीपुर में आज से शुरू हो गया है।
प्रत्येक क्लीनिक पर 25 लाख रुपये खर्च होंगे। बाकी 3 क्लीनिक बस स्टैंड, कोर्ट कॉम्प्लेक्स और बाबोवाल में बनाए जाएंगे। इन क्लीनिकों में डॉक्टर रूम, फार्मेसी, वेटिंग एरिया, एसी, आरओ और फर्नीचर जैसी सुविधाएं होंगी। मरीजों को विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा मुफ्त इलाज मिलेगा।
गौरतलब है कि वर्तमान में गुरदासपुर जिले में 62 आम आदमी क्लीनिक चल रहे हैं, जिनसे अब तक 24 लाख से ज्यादा मरीज लाभ ले चुके हैं। इन क्लीनिकों में 46 तरह के टेस्ट और 103 दवाएं मुफ्त दी जाती हैं।
रमन बहल ने बताया कि उनका उद्देश्य गुरदासपुर को स्वास्थ्य सेवाओं में पंजाब का अग्रणी जिला बनाना है। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह का आभार जताया।