कैलिफोर्निया | अमेरिका के सैन जोआक्विन काउंटी में FBI और लोकल पुलिस ने एक खतरनाक गैंग का पर्दाफाश करते हुए 8 भारतीय मूल के लोगों को गिरफ्तार किया है। इन पर एक व्यक्ति का अपहरण कर, उसे नग्न कर घंटों तक टॉर्चर करने और फिरौती वसूलने का सनसनीखेज आरोप है। इस गिरोह का सरगना पवित्तर सिंह बताया जा रहा है, जो पंजाब के बटाला में हत्या और हथियारों के गंभीर मामलों में भारत में भी वांछित है।
FBI के मुताबिक, इस गैंग का नेटवर्क भारत, अमेरिका और कनाडा तक फैला हुआ है। गिरोह के अन्य सदस्यों में दिलप्रीत सिंह, सरबजीत सिंह, गुरताज सिंह, अमृतपाल सिंह, विशाल सिंह, अर्शप्रीत सिंह और मनप्रीत रंधावा शामिल हैं। इन सभी पर संगठित अपराध, अपहरण, टॉर्चर, फिरौती वसूलना, ट्रक हाईजैकिंग, अवैध हथियार रखना, गवाहों को धमकाना, ड्रग्स और हथियारों की तस्करी जैसे गंभीर आपराधिक आरोप हैं।
FBI की बड़ी कार्रवाई – मशीन गन और छत में छुपा कैश बरामद
21 जून को शिकायत मिलने के बाद FBI, स्टॉकटन पुलिस, मांटेका पुलिस और शेरिफ विभाग की संयुक्त SWAT टीम ने 11 जुलाई को पांच ठिकानों पर एक साथ छापा मारा। इस दौरान मशीन गन, असॉल्ट राइफल और छत के वेंट में छिपाकर रखे गए 15,000 डॉलर कैश भी बरामद किए गए।
कड़ी कार्रवाई की तैयारी, हो सकती है उम्रकैद
काउंटी के डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी रॉन फ्रेटस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि सभी आठों आरोपियों पर संगठित अपराध के तहत गंभीर धाराएं लगाई गई हैं। इन पर बिना जमानत उम्रकैद तक की सजा संभव है। छह आरोपियों को इमिग्रेशन विभाग ने अलग से हिरासत में लिया है, और अब भारत और कनाडा के साथ प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
पुलिस की अपील: डरें नहीं, रिपोर्ट करें
शेरिफ पैट्रिक विथ्रो ने मामले को बेहद गंभीर बताते हुए कहा – “ये लोग इंसान नहीं, जानवर हैं। इन्हें जिंदगी की कोई कद्र नहीं है।” पुलिस और FBI ने अमेरिका में रह रहे भारतीय समुदाय से अपील की है कि अगर किसी से धमकी या उगाही की जा रही है, तो वे तुरंत गुप्त हेल्पलाइन पर संपर्क करें।