पठानकोट | चक्की दरिया में तेज़ बहाव ने एक बार फिर तबाही मचाई है। दरिया पर बना मुख्य रास्ता टूट जाने से माजरा समेत कई गांवों का पठानकोट शहर से संपर्क पूरी तरह कट गया है। यही रास्ता गांवों को अस्पताल, स्कूल और बाजार से जोड़ता था, लेकिन अब लोग मजबूरन 30 से 35 किलोमीटर लंबा चक्कर लगाकर शहर पहुंच रहे हैं।
सबसे ज्यादा दिक्कत बुजुर्गों, बीमारों और छात्रों को हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि हर मानसून में यह रास्ता टूटता है, लेकिन प्रशासन कोई स्थायी समाधान नहीं करता। ग्रामीणों ने मांग की है कि जल्द से जल्द यहां एक पक्का पुल बनाया जाए ताकि हर साल उन्हें इस मुसीबत का सामना न करना पड़े।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन को चेताया है कि अगर समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो भविष्य में बड़ी जनहानि भी हो सकती है। फिलहाल, लोग जान जोखिम में डालकर टूटी सड़कों से गुजरने को मजबूर हैं।