Mandi, dharamveer
मंडी जिला का सराज क्षेत्र एक बार फिर भीषण बारिश और बाढ़ जैसी स्थिति से जूझ रहा है। बीती रात से जारी मूसलधार बारिश ने जरोल बाजार को जलमग्न कर दिया है। जुगाड़ खड्ड के उफान पर आने से पानी सड़कों पर भर गया, जिससे बाजार की मुख्य सड़क नाले में तब्दील हो गई।
सोमवार सुबह सामने आए एक वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बारिश के पानी ने कई घरों और दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया है। कई वाहन भी पानी में फंसे नजर आ रहे हैं।गौरतलब है कि सराज क्षेत्र का जरोल इलाका इससे पहले भी 30 जून को प्राकृतिक आपदा का शिकार हुआ था। अब दोबारा भारी बारिश ने लोगों की परेशानी को और बढ़ा दिया है।मौसम विभाग शिमला ने मंडी समेत कुल 7 जिलों में आज के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले दो दिन तक मौसम इसी तरह खराब बना रह सकता है, जिससे जनजीवन प्रभावित रहने की आशंका है।प्रशासन से अपील की जा रही है कि संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बरती जाए और लोगों से भी अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें।