जालंधर | अमृतसर के एक होटल से 25 लाख रुपए के सोने के गहने चोरी के मामले में पकड़े गए आरोपी विशाल मिश्रा के आपराधिक रिकॉर्ड ने पुलिस को भी चौंका दिया है। दिल्ली में रह रहा यह शातिर आरोपी असल में उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले का कुख्यात गैंगस्टर निकला है, जिसके खिलाफ हत्या, लूट और हथियार कानून समेत 16 गंभीर केस दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, विशाल मिश्रा ने अपने फरार साथी सचिन सोनी उर्फ हिमांशु के साथ मिलकर 8 जुलाई को अमृतसर निवासी मनप्रीत सिंह के गहनों की चोरी की थी। आरोपी होटल रैजीडेंसी से वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए थे। जालंधर की बस अड्डा चौकी की टीम ने मिश्रा को काबू कर 3 दिन का रिमांड लिया था।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि मिश्रा यूपी के कई थानों में वांछित है और कई बार जेल भी जा चुका है। वहीं, उसके साथी सचिन सोनी की असली पहचान हिमांशु के रूप में हुई है, जो प्रयागराज के नहीं बल्कि जौनपुर जिले के मानसापुर गांव का रहने वाला है। उसकी पहचान तकनीकी जांच और उसकी मां के बयान के आधार पर की गई।
पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। विशाल मिश्रा को रिमांड खत्म होने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में अब भारतीय दंड संहिता की धारा 319(2) BNS भी जोड़ दी है।