चरखी दादरी | दादरी शहर में चोर बेखौफ हो गए हैं। बीती रात चोरों ने सिटी थाना से महज कुछ कदमों की दूरी पर स्थित पुराने बस स्टैंड एरिया में धावा बोल दिया। चोर आधा दर्जन दुकानों के ताले तोड़कर करीब 90 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि वारदात थाने के बिल्कुल नजदीक हुई और चोर आराम से ताले तोड़ते नजर आए।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि 20 जुलाई की सुबह करीब 4:40 बजे दो बाइक सवार युवक लोहे की रॉड और पेचकस जैसे औजार लेकर आते हैं और दुकानों के ताले तोड़ते हैं। वे दुकानों के अंदर घुसकर गल्लों से नकदी निकालते हैं, लेकिन कोई भी अन्य सामान नहीं उठाते।
स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि जयभगवान की दुकान, पाहवा जुट वाला, विजय आयरन स्टोर, शिव कन्फैक्शनरी, अनमोल बेकरी और पूर्ण स्टोर को चोरों ने निशाना बनाया। सभी जगहों से सिर्फ नकदी उड़ाई गई है।
दुकानदारों ने घटना की लिखित शिकायत पुलिस को दी है। सिटी थाना प्रभारी सन्नी कुमार ने बताया कि अब तक चार दुकानों में चोरी की पुष्टि हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।