Mandi, Dharamveer
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में बीती रात से हो रही भारी बारिश ने जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार 12 घंटे से जारी मूसलाधार बारिश के चलते जिले की नदियां और नाले उफान पर हैं। बारिश के कारण जिले के तीनों मुख्य नेशनल हाईवे—चंडीगढ़-मनाली, मंडी-कोटली, और मंडी-पठानकोट—पर कई जगहों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं।
रविवार रात 10 बजे से पंडोह के पास कैंची मोड़, मून होटल, डयोड फ्लाईओवर, 4 मील और 9 मील जैसे क्षेत्रों में पहाड़ियों से लगातार पत्थर और मलबा गिर रहा है, जिससे सड़क मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) की मशीनें मौके पर मौजूद हैं, लेकिन लगातार बारिश के कारण मार्ग खोलने में दिक्कत आ रही है।जिले में कुल 170 से अधिक सड़कें भूस्खलन और पानी भराव के कारण बंद पड़ी हैं। पंडोह पुलिस चौकी प्रभारी अनिल कटोच ने बताया कि बारिश रुकते ही चंडीगढ़-मनाली हाईवे की बहाली का कार्य शुरू किया जाएगा।
मंडी की एसपी साक्षी वर्मा ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे आवश्यक होने पर ही यात्रा करें और संभव हो तो वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें। लगातार हो रहे भूस्खलन के चलते सफर करना जोखिम भरा हो सकता है।