Una, Rakesh
ऊना जिला प्रशासन ने वीरवार आधी रात को अवैध और अवैज्ञानिक खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फतेहपुर क्षेत्र में स्वां नदी में औचक छापेमारी की। इस छापेमारी की अगुवाई स्वयं उपायुक्त जतिन लाल ने की। खनन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने इस दौरान तीन टिप्पर और एक पोकलेन मशीन जब्त की, जो अवैध खनन में संलिप्त पाए गए। सभी जब्त वाहन पुलिस की मदद से कब्जे में लेकर पुलिस लाइन झलेड़ा भेजे गए।
जब्त हुए तीन टिप्पर और एक पोकलेन
डीसी जतिन लाल ने कहा कि जिला प्रशासन अवैध खनन के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है, और ऐसे औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।इस कार्रवाई में जिला खनन अधिकारी नीरज कांत सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। उपायुक्त ने दोहराया कि प्राकृतिक संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।