चंडीगढ़ | हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अब हर चीज़ में खोट देखने लगे हैं, जो कहीं न कहीं मानसिक दबाव और निराशा का संकेत है। विज ने कहा कि कांग्रेस नेता NEET, UGC-NET जैसी परीक्षाओं पर सवाल उठा रहे हैं, जबकि बीजेपी सरकार ने पारदर्शिता से 13 लाख परीक्षार्थियों वाली CET परीक्षा करवाई।
“भाजपा में नौकरियां बिकती नहीं, योग्यताएं बोलती हैं”
विज ने कहा कि कांग्रेस के शासन में नौकरियों की “दुकानें” चला करती थीं, लेकिन बीजेपी में न पर्ची चलती है, न खर्ची। हरियाणा में हाल ही में हुए CET एग्जाम की मिसाल देते हुए उन्होंने कहा कि परीक्षा में शामिल लाखों युवाओं को सरकार की ओर से सभी सुविधाएं दी गईं, जो कांग्रेस के राज में कभी नहीं हुआ।
कांग्रेस खुद तय नहीं कर पा रही अपना नेता : विज
विधानसभा गठन के 9 महीने बाद भी कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष नहीं चुन पाई है। विज ने चुटकी लेते हुए कहा कि राहुल गांधी खुद चंडीगढ़ आकर मामला सुलझाने पहुंचे थे, लेकिन नतीजा शून्य रहा। इससे कांग्रेस संगठन की खोखली हालत सामने आती है।
धनखड़ के इस्तीफे पर भी साधा निशाना
मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए विज ने कहा कि कांग्रेस को पहले अपने घर की चिंता करनी चाहिए। उन्होंने कहा, “किसे हटाया, किसे बनाया – कांग्रेस में कब क्या होता है, हमें फर्क नहीं पड़ता। धनखड़ जी ने इस्तीफा स्वास्थ्य कारणों से दिया, वही कारण सही है।”