देवघर | झारखंड के देवघर जिले में मंगलवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसमें कांवरियों से भरी एक बस और गैस सिलेंडर से लदा ट्रक आमने-सामने टकरा गए। यह हादसा देवघर के मोहनपुर थाना क्षेत्र स्थित जमुनिया जंगल के पास करीब सुबह 4:30 बजे हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार कम से कम 18 कांवरियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
सिलेंडर लदे ट्रक से हुई टक्कर
जानकारी के अनुसार, बस में 32 श्रद्धालु सवार थे और सभी श्रावण मास की कांवर यात्रा पर निकले हुए थे। जैसे ही बस जमुनिया जंगल के पास पहुंची, सामने से आ रहे गैस सिलेंडर से भरे ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
घायलों की हालत नाजुक, मौत का आंकड़ा बढ़ सकता है
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तुरंत पास के अस्पताल और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों के अनुसार, कई घायलों की हालत बेहद गंभीर है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
सांसद ने जताया शोक
देवघर से सांसद निशिकांत दुबे ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए ट्वीट किया, “मेरे लोकसभा क्षेत्र देवघर में श्रावण मास की कांवर यात्रा के दौरान हुए बस-ट्रक हादसे में 18 श्रद्धालुओं की मृत्यु अत्यंत दुखद है। बाबा बैद्यनाथ जी दिवंगत आत्माओं को शांति दें और परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति।”
प्रशासन ने तेज की राहत व बचाव कार्रवाई
दुमका रेंज के पुलिस महानिरीक्षक शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने बताया कि जिला प्रशासन को पूरी जानकारी दे दी गई है और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा देने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, हादसे की जांच शुरू कर दी गई है कि यह टक्कर किन परिस्थितियों में हुई।
यह हादसा श्रावण मास में श्रद्धालुओं के बीच भारी मातम लेकर आया है। श्रद्धा और आस्था की यह यात्रा कई परिवारों के लिए अब कभी ना भूलने वाला दर्द बन गई है।