गुड़गांव | गुड़गांव की एक सोसाइटी से सामने आया है एक सनसनीखेज मामला, जहां चार लोगों ने एक युवक को उल्टा लटकाकर पीटा। यह हैरान कर देने वाला वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। घटना जून महीने की बताई जा रही है, लेकिन मामला अब सामने आया है जब पुलिस ने वीडियो के आधार पर कार्रवाई शुरू की।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना सेक्टर 37 की एक सोसाइटी के पार्किंग बेसमेंट की है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक को रस्सी से उल्टा लटका रखा गया है और चार लोग उस पर लाठियों से हमला कर रहे हैं। आरोपी सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर बताए जा रहे हैं, जिनकी पहचान पुष्पेंद्र, अजीत, कृष्ण और अमित के रूप में हुई है।
चोरी का था शक, बिना पुलिस के खुद ही कर दी ‘सजा’
पुलिस के अनुसार पीड़ित जेसीबी ऑपरेटर है, जिस पर कंस्ट्रक्शन साइट से तार चोरी करने का आरोप लगाते हुए आरोपियों ने उसे बेसमेंट में ले जाकर खुद ही सजा देने की कोशिश की।
वीडियो दबाने का आरोप, मंत्री के नाम की चर्चा
सूत्रों के अनुसार, पुलिस को यह वीडियो पहले ही मिल चुका था, लेकिन कथित रूप से एक मंत्री के दखल के कारण कार्रवाई में देरी की गई। हालांकि, पुलिस ने इस आरोप से इनकार किया है और कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।
पुलिस की कार्रवाई
सेक्टर 10 थाना पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ जारी है। पुलिस प्रवक्ता एएसआई संदीप ने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।