चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार ने रेवेन्यू विभाग की सभी 26 सेवाओं को एक ही डिजिटल मंच पर लाकर बड़ी सुविधा दी है। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने नई वेबसाइट लॉन्च करते हुए इसे डिजिटल हरियाणा और सुशासन की दिशा में एक अहम कदम बताया।
सीएम सैनी ने कहा कि इस पोर्टल के जरिए अब जाति प्रमाण पत्र से लेकर मुआवजे की जानकारी तक सब कुछ एक ही जगह मिलेगा। नागरिकों को अब अलग-अलग पोर्टल्स पर भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि रबी 2025 में फसल खराब होने पर 22,617 किसानों को ₹52.14 करोड़ का मुआवजा दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “जब आपदा आती है, लोग सबसे पहले राजस्व विभाग की ओर उम्मीद से देखते हैं। अब विभाग ने खुद का IT डिवीजन भी स्थापित कर लिया है, जिससे सेवाएं और भी तेज़, पारदर्शी और सुगम हो जाएंगी।” सरकार की यह पहल नागरिकों के लिए न केवल समय की बचत करेगी, बल्कि प्रक्रिया में पारदर्शिता और भरोसे को भी बढ़ाएगी।