बड़वाका, 31 July
खंड के गांव मानकटबरा में हर साल की तरह इस बार भी रक्षाबंधन के अवसर पर गोगामेड़ी में तीन दिवसीय वार्षिक मेला आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत 9 अगस्त को होगी।
मेले की तैयारियां गोगामेड़ी में पारंपरिक झंडों (निशानों) के स्नान और श्रृंगार के साथ शुरू हो चुकी हैं। मुख्य सेवादार अमर सिंह और सहायक सेवादार मोहित वालिया ने बताया कि झंडों को स्नान करवाकर उन्हें नए वस्त्र पहनाए गए और पारंपरिक ढंग से सजाया गया। यह परंपरा वर्षों पुरानी है।
मानकटबरा गोगामेड़ी समिति के प्रधान रवि कुमार ने बताया कि ग्रामीणों ने भंडारे में बढ़-चढ़कर भाग लिया। 9 अगस्त को झंडे मेड़ी में स्थापित करके मेले की औपचारिक शुरुआत की जाएगी। 10 अगस्त को गांव में बसेरा होगा, जहां श्रद्धालु दरबार परिसर में रात्रि ठहराव करेंगे। 11 अगस्त को दंगल प्रतियोगिता के साथ मेला संपन्न होगा।तीन दिनों तक चलने वाले इस मेले में हर साल हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं और समिति की ओर से प्रतिदिन भंडारे का आयोजन किया जाता है।