पटना | रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हालिया विवादास्पद बयान पर करारा पलटवार किया है। राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाते हुए दावा किया था कि उनके पास ऐसा ‘एटम बम’ है, जिसे अगर सामने लाया गया तो आयोग को “कहीं छिपने की जगह नहीं मिलेगी।”
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए राजनाथ सिंह ने राहुल को आड़े हाथों लेते हुए कहा, “अगर आपके पास एटम बम है तो उसे फोड़िए, लेकिन ध्यान रखें कि आप खुद धमाके से दूर रहें।” उन्होंने राहुल गांधी के पुराने बयानों को याद दिलाते हुए तंज कसा कि पहले भी उन्होंने भूकंप लाने की बात कही थी, लेकिन कुछ नहीं हुआ।
रक्षा मंत्री ने राहुल गांधी की ओर से निर्वाचन आयोग जैसी प्रतिष्ठित संस्था पर लगाए गए आरोपों को “गैरजिम्मेदाराना और अस्वीकार्य” बताया। उन्होंने साफ कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं पर इस तरह के हमले सहन नहीं किए जाएंगे।
बिहार चुनाव पर भी बयान
राजनाथ सिंह ने भरोसा दिलाया कि बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से होंगे। उन्होंने विपक्ष को चेतावनी देते हुए कहा कि “संवैधानिक संस्थाओं पर निम्न स्तर की बयानबाजी नेता की गरिमा के खिलाफ है।”
कांग्रेस को याद दिलाया आपातकाल का इतिहास
अपने संबोधन में राजनाथ सिंह ने 1975 के आपातकाल का जिक्र करते हुए कांग्रेस को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा, “जिस पार्टी ने लोकतंत्र की हत्या की थी, उसके नेता आज लोकतंत्र की दुहाई दे रहे हैं।”
नीतीश कुमार की तारीफ
रक्षा मंत्री ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रशंसा करते हुए कहा कि एनडीए के नेतृत्व में राज्य ने विकास की नई इबारत लिखी है। उन्होंने कहा कि कभी बिहार को ‘पिछड़ेपन’ का प्रतीक बताने वाली अंतरराष्ट्रीय पत्रिकाएं अब उसे प्रगति का उदाहरण मान रही हैं।