रोहतक | हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा “किसान सम्मान निधि” की 20वीं किस्त जारी करने के मौके पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में विपक्षी विधायकों को चौंकाने वाला ऑफर दिया। उन्होंने कहा कि “अब राजनीति छोड़िए, आओ मिलकर जनता के लिए काम करें।
मंत्री पंवार ने साफ किया कि भाजपा ने विपक्ष को नीचा दिखाने के इरादे से नहीं, बल्कि विकास के एजेंडे के तहत कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने सभी विधायकों को – चाहे वे सत्ता पक्ष के हों या विपक्ष के – विधानसभा क्षेत्रों में काम करवाने के लिए 3-3 करोड़ रुपये की ग्रांट दी है। “हम चाहते हैं कि जनप्रतिनिधि मिलकर जनता की समस्याओं का समाधान करें,” पंवार ने कहा।
कांग्रेस पर हमला: किसानों के नाम पर राजनीति बंद करे विपक्ष
कृष्ण पंवार ने कांग्रेस पर सीधा हमला बोला और कहा कि देश में सबसे लंबा शासन कांग्रेस ने किया, लेकिन किसानों की कभी चिंता नहीं की। “मोदी सरकार ने पहली बार किसानों को सीधे लाभ पहुंचाने वाली योजनाएं लागू कीं,” उन्होंने कहा।
अनिल विज को लेकर भी दिया बयान
अनिल विज को भाजपा द्वारा प्रभारी न बनाए जाने के सवाल पर मंत्री पंवार ने कहा कि “विज़ की तबीयत ठीक नहीं है, इसलिए उन्हें यह जिम्मेदारी नहीं दी गई है।”