नई दिल्ली | सोशल मीडिया और WhatsApp पर इन दिनों एक मैसेज तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया गया है कि भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) ने बैंकों को सितंबर 2025 तक एटीएम से ₹500 के नोट हटाने के निर्देश दिए हैं। मैसेज में यहां तक कहा गया कि लोग अभी से ₹500 के नोट खर्च कर लें या बदल लें, क्योंकि जल्द ये अमान्य हो सकते हैं। इससे आम लोगों में भ्रम और घबराहट का माहौल बन गया है।
PIB Fact Check ने किया दावा खारिज
सरकार की आधिकारिक फैक्ट चेक एजेंसी PIB Fact Check ने इस दावे को झूठा और भ्रामक करार दिया है। PIB ने स्पष्ट किया है कि RBI ने ₹500 के नोटों को लेकर कोई ऐसा आदेश नहीं जारी किया है। ये नोट पूरी तरह वैध और चलन में बने हुए हैं।
अफवाह की असली वजह क्या है?
जानकारों के मुताबिक, इस अफवाह की जड़ RBI के अप्रैल 2025 के उस सर्कुलर से जुड़ी है जिसमें बैंकों को एटीएम में ₹100 और ₹200 के छोटे नोटों की उपलब्धता बढ़ाने का सुझाव दिया गया था। इस निर्देश को कुछ लोगों ने गलत तरीके से प्रचारित कर दिया, जिससे यह गलतफहमी फैली कि ₹500 के नोट बंद होने वाले हैं।
फिलहाल बंद नहीं हो रहे ₹500 के नोट
RBI या सरकार की ओर से ₹500 के नोटों को बंद करने को लेकर कोई संकेत नहीं दिया गया है। अगर भविष्य में ऐसा कोई कदम उठाया भी जाएगा, तो इसकी आधिकारिक घोषणा की जाएगी। फिलहाल जनता इन नोटों का उपयोग बिना किसी आशंका के कर सकती है।
PIB की अपील
PIB ने लोगों से अपील की है कि किसी भी मैसेज को बिना जांचे साझा न करें, खासकर जब वह सरकार या पैसे से जुड़ा हो। अफवाह फैलाने से न केवल भ्रम पैदा होता है, बल्कि यह अपराध की श्रेणी में भी आ सकता है।