झज्जर | झज्जर जिले के गांव मातनहेल के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय युवक शिवचरण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार उसका साथी प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस वक्त हुआ जब दोनों निजी काम से लौट रहे थे और अनाज मंडी के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
शिवचरण गांव मातनहेल का रहने वाला था और ड्राइवर के रूप में काम करता था। वह दो बच्चों का पिता था। हादसे के बाद घायल प्रदीप को गंभीर हालत में रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है।
मामले की सूचना मिलते ही मातनहेल पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए झज्जर नागरिक अस्पताल भिजवाया गया। जांच अधिकारी एएसआई कुलदीप के मुताबिक, अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और दुर्घटना का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुटी हुई है।