इस्लामाबाद | पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर एक बार फिर अमेरिका दौरे पर रवाना हुए हैं। सूत्रों के मुताबिक, वह ब्रिटेन होते हुए अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित सेंट्रल कमांड (CENTCOM) मुख्यालय पहुंचेंगे। यह दौरा रणनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है, क्योंकि यह दो महीने के भीतर उनकी दूसरी अमेरिका यात्रा है।
भारत-अमेरिका तनाव के बीच दौरे को मिल रही खास नजर
जनरल मुनीर की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब भारत और अमेरिका के बीच रूस से तेल खरीद को लेकर मतभेद गहराते जा रहे हैं। हाल ही में अमेरिका ने भारत से आयात होने वाले कुछ उत्पादों पर 50 फीसदी तक इंपोर्ट ड्यूटी लगाने का निर्णय लिया है, जिससे दोनों देशों के संबंधों में तल्खी आई है।
CENTCOM से करीबी बढ़ाने में जुटा पाकिस्तान
गौरतलब है कि CENTCOM अमेरिका की वह सैन्य इकाई है, जो मध्य एशिया, दक्षिण एशिया और मध्य पूर्व में सैन्य गतिविधियों की निगरानी करती है। पाकिस्तान का इस कमांड से पुराना सहयोग रहा है, विशेषकर अफगानिस्तान और आतंकवाद-रोधी अभियानों के मामलों में। जनरल मुनीर की बार-बार अमेरिका यात्रा को इस रणनीतिक संबंध को और मजबूत करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।