पंजाब | अलगाववादी संगठन सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ) के आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने एक बार फिर पंजाब में अशांति फैलाने की कोशिश की है। इस बार पन्नू ने अमृतसर के कई सार्वजनिक स्थलों पर भड़काऊ नारे लिखवाने और मुख्यमंत्री भगवंत मान को धमकी देने का दावा किया है।
शहर के बस स्टैंड, जिला अदालत परिसर और खालसा कॉलेज की दीवारों पर “खालिस्तान जिंदाबाद” और “SFJ रेफरेंडम जिंदाबाद – भगवंत मान मुर्दाबाद” जैसे नारे मिले हैं। इन नारों से जुड़ा एक वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसे पन्नू ने जारी किया है।
पन्नू ने मुख्यमंत्री को 15 अगस्त के दिन फरीदकोट में तिरंगा फहराने को लेकर निशाना बनाते हुए गंभीर धमकी दी है। उसका कहना है कि यह दिन पंजाब की आज़ादी का प्रतीक नहीं है और इस दिन खालिस्तान का झंडा फहराने का आह्वान किया गया है।
SFJ की इस हरकत के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। स्थानीय प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। गौरतलब है कि SFJ पूर्व में भी राष्ट्रीय पर्वों पर इस तरह की गतिविधियों के जरिए माहौल बिगाड़ने की कोशिश करता रहा है।