हरियाणा | रक्षाबंधन के मौके पर इस बार हरियाणा रोडवेज ने यात्रियों के लिए खास तोहफा और बड़े इंतजाम किए हैं। राज्य सरकार ने घोषणा की है कि साधारण रोडवेज बसों में सभी आयु वर्ग की महिलाएं और 15 साल तक के बच्चे निशुल्क यात्रा कर सकेंगे।
परिवहन मंत्री अनिल विज ने बुधवार को ही मुफ्त यात्रा की घोषणा करते हुए निर्देश दिए थे कि किसी भी यात्री को सफर के दौरान परेशानी न हो। इसके तहत शुक्रवार दोपहर 12 बजे से शनिवार रात 12 बजे तक 36 घंटे का मुफ्त सफर मिलेगा। इस सुविधा का लाभ प्रदेशभर में हजारों बसों के जरिए मिलेगा।
यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए परिवहन विभाग ने बड़ा फैसला लेते हुए सभी चालकों और परिचालकों की 8 से 10 अगस्त तक की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। प्रदेश के सभी महाप्रबंधकों को आदेश जारी किए गए हैं कि बस संचालन में किसी तरह की कमी न रहे और समय पर बसें हर रूट पर उपलब्ध हों।
उधर, सहकारी बसों में मुफ्त सफर को लेकर यूनियनों में मतभेद सामने आए हैं। एक यूनियन ने महिलाओं और बच्चों को मुफ्त यात्रा कराने पर सहमति दे दी है, जबकि दूसरी यूनियन ने इस पर अंतिम निर्णय लेने के लिए शुक्रवार सुबह 11 बजे बैठक बुलाई है।
ट्रांसपोर्ट सोसाइटीज बस वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा के राज्य प्रधान दलबीर सिंह मोर ने बताया कि इस मुद्दे पर राज्य परिवहन निगम के आयुक्त एवं सचिव टीएल सत्य प्रकाश से चंडीगढ़ में वार्ता हुई है और जल्द ही स्थिति साफ हो जाएगी।
रक्षाबंधन के दिन प्रदेशभर की सड़कों पर बसों की रफ्तार तेज रहेगी और महिलाओं-बच्चों के लिए यह सफर यादगार बन सकता है।