Shimla, Sanju-
राजधानी शिमला के प्रतिष्ठित BCS स्कूल के तीन छठी कक्षा के छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। रक्षाबंधन के दिन गेट पास लेकर आउटिंग पर निकले ये छात्र निर्धारित समय तक वापस नहीं लौटे, जिसके बाद स्कूल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार, तीनों छात्र शनिवार दोपहर करीब 12:10 बजे माल रोड की ओर गए थे और शाम 5 बजे तक लौटना था। काफी देर तक कोई खबर न मिलने पर न्यू शिमला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर खोजबीन शुरू कर दी।
पुलिस विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। लापता बच्चों में एक कुल्लू, एक मोहाली और एक करनाल का निवासी है। इनमें से एक छात्र पंजाब के मंत्री का रिश्तेदार भी बताया जा रहा है। पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं और मामले के जल्द सुलझने की उम्मीद जताई जा रही है।