मेक्सिको | दुनिया के दो अलग-अलग हिस्सों में रविवार को भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए। मेक्सिको में 5.7 तीव्रता का भूकंप आया, जबकि तुर्किए में 6.1 तीव्रता के झटकों ने भारी तबाही मचाई। दोनों देश भूकंप के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में आते हैं।
मेक्सिको के ओक्साका तट के पास यह भूकंप 10 किलोमीटर गहराई पर केंद्रित था। मेक्सिको ‘रिंग ऑफ फायर’ क्षेत्र में आता है, जहां प्रशांत, उत्तरी अमेरिकी और रिवेरा प्लेटें टकराती हैं, जिससे अक्सर भूकंप आते रहते हैं।
तुर्किए के बालिकेसिर प्रांत में आए 6.1 तीव्रता के भूकंप से एक 81 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, कई घायल हुए और 15 से अधिक इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं। तुर्की के गृह मंत्री ने इस हादसे की पुष्टि की है।
भूकंप की वजह से भारत समेत नेपाल, पाकिस्तान और चीन जैसे पड़ोसी देशों में भी जोखिम बना रहता है, क्योंकि ये सभी टेक्टोनिक प्लेट्स के हलचल वाले क्षेत्रों में स्थित हैं। यहां भूकंप की संभावना हमेशा बनी रहती है और समय-समय पर यह तबाही का कारण बनता है।