Hamirpur, Arvind
हमीरपुर ज़िले के सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए क्रशर मालिक परवीन शर्मा के ठिकानों पर छापेमारी की। गुप्त सूचना के आधार पर भखेड़ा गांव और पुंग खड्ड में हुई इस कार्रवाई में भारी मात्रा में मशीनरी और ताज़ा निकाले गए बोल्डर जब्त किए गए।
एसएचओ एएसआई राजेश कुमार के नेतृत्व में सुजानपुर थाना पुलिस टीम ने छापेमारी के दौरान पाया कि पिछले वर्ष जुलाई से आधिकारिक तौर पर बंद क्रशर में पोकलेन और अन्य मशीनों की मदद से अवैध खनन किया जा रहा था। मौके पर खनन निरीक्षक और प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी भी मौजूद रहे।
पुलिस ने न केवल अवैध खनन में इस्तेमाल हो रही मशीनरी और पत्थरों को कब्जे में लिया, बल्कि क्रशर में लगे सीसीटीवी की हार्ड ड्राइव भी सीज़ की। हालांकि, हार्ड ड्राइव का पासवर्ड अभी तक मालिक द्वारा नहीं दिया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश के अनुसार, मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 303(2) और खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धाराओं 21 और 22 के तहत मामला दर्ज किया गया है। लगातार बारिश और क्षतिग्रस्त रास्तों के बावजूद पुलिस टीम समय पर मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करने में सफल रही।